सीएम विष्णु देव साय ने सपरिवार देखी फिल्म ‘हनुमान अंश’, छत्तीसगढ़ में टैक्स फ्री करने की घोषणा

सीएम विष्णु देव साय ने सपरिवार देखी फिल्म ‘हनुमान अंश’, छत्तीसगढ़ में टैक्स फ्री करने की घोषणा

रायपुर, 10 सितंबर 2026। मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने गुरुवार को राजधानी रायपुर स्थित जोरा मॉल के सिनेमाघर में सपरिवार फिल्म ‘हनुमान अंश’ देखी। इस अवसर पर राज्यपाल रमेन डेका और विधानसभा अध्यक्ष डॉ. रमन सिंह भी सपरिवार उपस्थित रहे। मंत्रिपरिषद के सदस्यों तथा विभिन्न निगम-मंडल और आयोगों के अध्यक्षों ने भी फिल्म का आनंद लिया।

फिल्म देखने के बाद मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने ‘हनुमान अंश’ को छत्तीसगढ़ में टैक्स फ्री करने की घोषणा की। उन्होंने कहा कि भारतीय संस्कृति, आध्यात्मिक विरासत और संत परंपरा से समाज को परिचित कराने वाली प्रेरणादायी फिल्मों को अधिक से अधिक लोगों तक पहुंचना चाहिए।

मुख्यमंत्री ने कहा कि फिल्म के टैक्स फ्री होने से प्रदेश के अधिकाधिक दर्शकों, विशेषकर युवाओं को भारत की समृद्ध संत परंपरा और उससे जुड़े जीवन मूल्यों को जानने का अवसर मिलेगा।

सेवा, प्रेम और भक्ति के संदेश की सराहना

सीएम साय ने कहा कि भारत की संत परंपरा ने सदैव समाज को सत्य, सेवा, करुणा, प्रेम और आध्यात्मिकता का मार्ग दिखाया है। सेवा, करुणा, सद्भाव और मानव कल्याण जैसे मूल्यों को आगे बढ़ाना सभी की सामूहिक जिम्मेदारी है।

उन्होंने कहा कि ‘हनुमान अंश’ जैसी फिल्में इन मूल्यों को सरल और प्रभावी ढंग से समाज तक पहुंचाने का सराहनीय प्रयास हैं। मुख्यमंत्री ने फिल्म के निर्माता, निर्देशक, कलाकारों और पूरी टीम के प्रयासों की भी सराहना की।

उल्लेखनीय है कि फिल्म ‘हनुमान अंश’ नीम करौली बाबा के जीवन, उनकी आध्यात्मिक यात्रा तथा सेवा और भक्ति के संदेश पर आधारित है। फिल्म के माध्यम से उनके जीवन दर्शन और मानव सेवा से जुड़े विचारों को दर्शकों तक पहुंचाने का प्रयास किया गया है।

दृष्टि भारत न्यूज़ 24 - अस्वीकरण

Comments

No comments yet. Why don’t you start the discussion?

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *